उत्तरकाशी। जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के तहत कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत नहीं करना नगर निकायों के अधिकारियों को भारी पड़ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए तीन नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इनमें नगर पालिका बड़कोट और नगर पंचायत नौगांव एवं पुरोला के अधिशासी अधिकारी शामिल हैं।
तीनों अधिकारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक में यह मामला सामने आया। अक्तूबर में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के तहत की गई कार्रवाई का विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहने पर नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के अधिशासी अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सरकारी निर्देशों की अनदेखी और कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद