जिला मुख्यालय से सटे प्रेमनगर-गडोली-खंडाह मार्ग से 22 गांवों को जोड़ने वाली सड़क 11 साल बाद भी डामरीकरण का इंतजार कर रही है। करीब 13 किमी इस सड़क के डामरीकरण नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्ष 2005 में स्वीकृत इस सड़क के निर्माण के लिए 2007-08 में टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई। इससे पौड़ी ब्लाक के चंदोलाराई, गडोली, गोदी, दंदालगांव, थली, उनियाल गांव, खरकोट, मल्ली रेवड़ी, गौथला, अमकोटी समेत 22 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया। सड़क निर्माण के आठ साल बाद भी डामरीकरण नहीं हुआ है।
बिचली डांडरी के ग्राम प्रधान पंकज सुंदरियाल, विमल बहुगुणा आदि का कहना है कि बरसात में इस मोटर मार्ग पर कीचड़ व जगह-जगह गड्ढों के बीच चलना मुश्किल हो जाता है। मिट्टी व कीचड़ से भरी कच्ची सड़क पर कई बार वाहन रपट जाते हैं।
बरसात में मार्ग खराब होने से लोगों को करीब दो किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़कर मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है। शासन- प्रशासन से कई बार डामरीकरण की मांग की गई, लेकिन इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
उधर लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह का कहना है कि डामरीकरण के लिए शासन को पत्रावली भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद ही डामरीकरण व पक्कीकरण की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।