समय पर रिजल्ट घोषित करने के लिए श्रीदेव सुमन विवि ने इस बार से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्र की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब तक उत्तर पुस्तिकाओं का केंद्रीय मूल्यांकन होता था। सिर्फ विवि के ऋषिकेश कैंपस में ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होता था लेकिन इस बार से व्यवस्था में बदलाव किया गया है। विवि ने गढ़वाल मंडल के 11 राजकीय महाविद्यालयों को उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन केंद्र बनाया है।
2020 से श्रीदेव सुमन विवि का शिक्षा सत्र लेट चल रहा है। विवि के सामने सबसे बड़ी समस्या समय पर परीक्षा आयोजित कर तय समय पर रिजल्ट घोषित न होने की बनी रहती है। समय पर रिजल्ट जारी न होने पर छात्र-छात्राएं विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में धरना-प्रदर्शन करने और विवि के अधिकारियों का घेराव करने पहुंच जाते हैं।
हर बार होने वाली इस समस्या से परेशान विवि के अधिकारियों ने इस बार से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्रों की संख्या एक से बढ़ाकर 11 कर दी है। इन दिनों विवि की स्नातक स्तर की विषम सेमेस्टर (तृतीय व पंचम), बैक पेपर परीक्षा और भूतपूर्व छात्र-छात्राओं की परीक्षा, एनईपी प्रथम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा, एनईपी प्रथम सेमेस्टर बैक और भूतपूर्व छात्रों की परीक्षा चल रही है। जो 20 दिसंबर तक चलेगी।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. वीपी श्रीवास्तव ने बताया कि पहली बार राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर, अगस्तयमुनि, ऋषिकेश कैंपस, डाकपत्थर, रायपुर, उत्तरकाशी, लंबगांव, कोटद्वार, डोईवाला, एसएमजेएन कॉलेज हरिद्वार, चमन लाल महाविद्यालय लंढौरा में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा।