कृषि एवं उद्यान विभाग ने 58 किसानों को पौधे, उर्वरक और कृषि यंत्र बांटे
कोटद्वार/धुमाकोट। मुख्यमंत्री के सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बृहस्पतिवार को विकासखंड नैनीडांडा सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने किया। बीडीओ प्रमोद पांडे ने बताया कि शिविर में 230 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 221 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। कृषि एवं उद्यान विभाग ने 58 किसानों को पौधे, उर्वरक और कृषि यंत्र वितरित किए। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की।
स्वास्थ्य विभाग ने 45 और आयुष विभाग ने 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने 48 पेंशन मामलों का सत्यापन किया। पंचायतीराज विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जबकि राजस्व विभाग ने 11 किसानों को कृषक प्रमाण-पत्र एवं खाता-खतौनी की नकल उपलब्ध कराई। इस मौके पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल, जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत, मुन्नी ध्यानी मौजूद रहे।