पांच विषयों में दो-दो सीटों पर युवाओं को मिलेगा प्रवेश
नई टिहरी। पर्वतीय क्षेत्र में नर्सिंग की उच्च शिक्षा का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने जा रहा है। राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार टिहरी में इसी शैक्षणिक सत्र से पहली बार एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहा है। टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के छात्र-छात्राओं को स्नातकोत्तर नर्सिंग की पढ़ाई के लिए अब देहरादून या अन्य मैदानी जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार में वर्ष 2016 से बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित हो रहा है। वर्तमान में यहां बीएससी नर्सिंग की 44 सीटें निर्धारित हैं। लंबे समय से कॉलेज में एमएससी नर्सिंग शुरू करने की मांग उठाई जा रही थी। प्रदेश सरकार ने गत वर्ष शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार टिहरी में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित करने को मंजूरी दी थी।
इस सत्र से सुरसिंधार नर्सिंग कॉलेज में कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग, प्रसूति एवं गायनी नर्सिंग, मेडिकल-सर्जिकल नर्सिंग, चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग और मेंटल हेल्थ नर्सिंग विषयों में एमएससी पाठ्यक्रम संचालित होंगे। प्रत्येक विषय में दो-दो सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। एमएससी नर्सिंग शुरू होने से स्थानीय युवाओं को टिहरी में उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। कॉलेज परिसर में एमएससी पाठ्यक्रम के संचालन के लिए कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाएं और छात्रावास सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं।
इस शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम विधिवत शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। काउंसलिंग के बाद कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
-अंजू यादव, प्रधानाचार्य राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार, टिहर