नई टिहरी। टीएचडीसी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भागीरथीपुरम और सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडी) कैल्क टिहरी के बीच एक उभरती हुई प्रौद्योगिकियों के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। एमओयू के तहत हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नई तकनीकी में विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर उनके कौशल को उन्नत करने के साथ ही नौकरी और स्वरोजगार के अवसरों को बेहतर अवसर उपलब्ध करना है।
बुधवार को टीएचडीसी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. शरद प्रधान ने एमओयू के दौरान कहा कि यह समझौता कॉलेज के बीटेक के प्रशिक्षणार्थियों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आया है। आईटीडी कैल्क टिहरी की ओर से उन्हें क्लाउड कंप्यूटिंग, नेटवर्किंग, साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स नि:शुल्क प्रदान कराएगा। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विवेक कुमार, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर मनदीप गुलेरिया, आईटीडी कैल्क टिहरी के प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर सुनील जोशी, सेंटर मैनेजर संध्या रावत और प्रशांत भारती मौजूद रहे। संवाद