नई टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट और राहुल बुटोला शनिवार को तीसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे। तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉक्टरों की टीम नहीं पहुंचने पर उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।
बौराड़ी के गणेश चौक में संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले लंबे समय से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। मांग के समर्थन में 12 नवंबर से जीतराम भट्ट और राहुल बुटोला भूख हड़ताल पर बैठे हैं। धरना स्थल पर आयोजित बैठक में अनशनकारी भट्ट ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर क्षेत्रीय विधायक को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
धरने पर नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल, कमल सिंह मेहर, त्रिलोक चंद रमोला, टीकम सिंह चौहान, डॉ. यूएस नेगी, सोहन सिंह राणा, किशोरी लाल चमोली, नरोत्तमदत्त जखमोला, महावीर उनियाल, एसएस मखलोगा, विजय नेगी, भगवान देई तोपवाल आदि बैठी रही। दूसरी ओर, विधायक किशोर उपाध्याय का कहना है कि बीते दिनों मेडिकल कालेज के मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से विचार-विमर्श हुआ। सीएम ने चिकित्सा शिक्षा सचिव को अविलंब समाधान के निर्देश दिए है।