सजने-संवरने के लिए महिलाएं करा रहीं एडवांस बुकिंग
नई टिहरी। करवा चौथ को लेकर बाजारों में खरीदारी की तैयारियां तेज होने लगी है। 29 अक्तूबर को मनाए जाने वाले पर्व के लिए महिलाएं साड़ी, सूट, चूड़ियों, मेहंदी और साज-शृंगार के सामान की खरीदारी में जुटी हैं। महंगाई के बीच महिलाएं पसंदीदा डिजाइन के साथ बजट का भी ध्यान रख रही हैं। कारोबारियों को पर्व नजदीक आने के साथ बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
करवा चौथ पर मेहंदी महिलाओं के शृंगार का अहम हिस्सा है। हाथों पर बारीक बेल-बूटों, अरेबिक पैटर्न और पारंपरिक भरे हुए डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं। पर्व के दिन भीड़ और समय की कमी से बचने के लिए महिलाएं मेहंदी कलाकारों से पहले ही समय ले रही हैं। व्यापारी राकेश लांबा ने बताया कि करवा चौथ के लिए बाजार में साड़ियों के साथ डिजाइनर सूट, लहंगा-साड़ी और अन्य पारंपरिक परिधानों के विकल्प उपलब्ध हैं।
ब्यूटी पार्लर एवं बुटीक संचालक रोशनी रावत ने बताया कि करवा चौथ को लेकर महिलाएं सजने-संवरने और मनपसंद परिधान तैयार कराने के लिए पहले से बुकिंग करा रही हैं। महिलाएं अपने कपड़ों के रंग और डिजाइन के अनुरूप मेकअप व हेयर स्टाइल पसंद कर रही हैं।