थत्यूड़ (टिहरी)। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड समेत क्षेत्र के कई अन्य इंटर कॉलेज प्रभारी प्रधानाचार्यों के भरोसे संचालित हो रहे हैं जिससे विद्यालयों की व्यवस्था और छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। बोर्ड परीक्षा के परिणाम पर भी प्रभाव पड़ रहा है।
जौनपुर ब्लॉक के जीजीआईसी थत्यूड, जीआईसी थत्यूड़ में गत तीन वर्षों से स्थाई प्रधानाचार्यों के पद रिक्त पड़े हैं। जौनपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख महिपाल सिंह रावत, अभिभावक संघ के अध्यक्ष बलवीर सिंह रावत, हरिओम रावत, ओम प्रकाश गौड़, हरिभजन पंवार का कहना कि क्षेत्र के विद्यालय विगत वर्षों से स्थाई प्रधानाचार्य विहीन है। स्थायी प्रधानाचार्यों की मांग को लेकर अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पत्राचार किया गया। बावजूद विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की तैनाती नहीं हो पा रही है। ऐसे में विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था कैसे पटरी पा लौट पाएगी।
जौनपुर क्षेत्र के विद्यालयों में स्थायी प्रधानाचार्यों की नियुक्ति के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को पूर्व में पत्र भेजकर अवगत करवाया गया है। शासन स्तर से स्थायी प्रधानाचार्यों की नियुक्ति होनी है। उनके पास जौनपुर और भिलंगना ब्लॉक के बीईओ का प्रभार होने के कारण वह एक जगह पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं।
सुनील कार्की, खंड शिक्षा अधिकारी, जौनपुर।