पार्क के पुनर्निर्माण पर दो करोड़ से अधिक की धनराशि हुई खर्च
नई टिहरी। मुख्य बाजार में बना अमर शहीद श्रीदेव सुमन पार्क के पुर्न निर्माण पर दो करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च है। लोकार्पण हुए 15 दिन का समय बीते जाने के बाद पर्यटकों और आम जनता के लिए पार्क नहीं खुल पाया है।
एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के वित्तीय सहयोग से कार्यदायी संस्था जिला विकास प्राधिकरण नरेंद्रनगर ने 203़ 91 लाख की लागत से बीते नवंबर माह में श्रीदेव सुमन पार्क का पुनर्निर्माण पूरा कर दिया था। पार्क में सेल्फी प्वाइंट, फाउंटेन फव्वारा, पर्यटकों के बैठने के लिए हॉट्स, लोहे के बेंच, घूमने के लिए फुटपाथ, फैंसी लाइटिंग, जमीन पर हरी घास लगाने के साथ कई अन्य कार्य किए गए है।
बीते 30 जनवरी को टिहरी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने अन्य योजनाओं के साथ श्रीदेव सुमन पार्क में हुए पुर्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया लेकिन आधा फरवरी बीतेने के बाद भी पर्यटकों और आमजन के लिए पार्क नहीं खुल पाया। पार्क के गेट में लगा ताला लोगों को मुंह चिढ़ा रहा है।
पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत का कहना कि श्रीदेव सुमन पार्क नगर पालिका की संपत्ति है। अभी तक पार्क को पालिका के हैंड ओवर भी नहीं किया गया है। पार्क के निर्माण पर दो करोड़ से अधिक धनराशि खर्च हुई है। कार्यों की थर्ड पार्टी जांच की जानी चाहिए।
पार्क में लगी श्रीदेव सुमन की मूर्ति का अनावरण न होने के कारण पार्क बंद है। इस संबंध में शीघ्र जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। साथ ही मूर्ति अनावरण के संबंध में श्रीदेव सुमन के परिजनों से भी बातचीत की जानी है। मूर्ति अनावरण के बाद आमजन के लिए पार्क खोल दिया जाएगा। पंकज पाठक, सहायक अभियंता जिला विकास प्राधिकरण नरेंद्रनगर।