उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने सर्व शिक्षा अभियान में कार्यरत शिक्षकों को तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन कर डीईओ कार्यालय में तालाबंदी की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने, पदोन्नति एवं स्थानांतरण, त्रिस्तरीय कैडर का निर्धारण सहित कई समस्याएं लंबित हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्याओं के निराकरण को लेकर गंभीर नहीं हैं।
सोमवार को जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र बहुगुणा के नेतृत्व में डीईओ बेसिक एवं परियोजना अधिकारी एसएसए के कार्यालय में तालाबंदी कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित 116 जूनियर और 148 प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत करीब साढ़े चार सौ शिक्षकों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि जून से शिक्षकों के खातों में जीपीएफ भी जमा नहीं हुआ है। उन्होंने शिक्षकों का वेतन देने, शिक्षकों के त्रिस्तरीय कैडर पर संघ के सुझाव को शामिल कर कैडर निर्धारण करने, राज्यभर में उच्चीकृत 1056 जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाचार्य, सहायक अध्यापक के पदों को पदोन्नति एवं स्थानांतरण से भरने सहित कई समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।
इस मौके पर जिला मंत्री जगवीर खरोला, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रवीर नेगी, किशोर सजवाण, लक्ष्मी भट्ट, एसडी आर्य, शेर सिंह पंवार, गुणानंद पांडेय, राकेश डोभाल, डा. सुनील डंगवाल, मोहन जोशी, जगमोहन रावत, विनोद बड़ोनी, मुनेंद्र राणा, राकेश शाह, लक्ष्मी प्रसाद कुकरेती, प्रकाशी सेमवाल, संगीता पंवार, सुनीता नौटियाल, सरोज असवाल आदि मौजूद थे।