दो दिन तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने खूब कहर बरपाया है। बुधवार को शुरू हुई बारिश से बृहस्पतिवार को कई सड़कें बंद हो गई, जबकि दो मकान और शौचालय भी बारिश की भेंट चढ़े हैं। बृहस्पतिवार को शाम चार बजे तक हुई बारिश से रामगढ़-धरासू मोटर मार्ग दिनभर बंद रहा। घनसाली-तिलवाड़ा, चमियाला-केमुंडाखाल, विनयखाल-भिगुन,छतियारा-खवाड़ा और घनसाली बैरियर के पास भी मार्ग काफी देर तक बंद रहा। लंबगांव-कोटालगांव-चमियाला मोटर मार्ग बंद होने से भदूरा पट्टी के कई गांव के युवा लंबगांव महाविद्यालय में कोरोना वैक्सीन लगाने नहीं पहुंच पाए। लेखावार गांव के प्रधान चंद्रशेखर पैन्यूली और महेंद्र चौहान ने वैक्सीन के लिए अपना पंजीकरण करा चुके युवाओं का 21 मई को टीकाकररण कराने की मांग की है। लोनिवि ने सभी मार्ग खोल दिए, लेकिन रामगढ़-धरासू हाईवे अभी बंद है।
जिला पंचायत सदस्य जयवीर सिंह रावत ने बताया कि बारिश से थौलधार ब्लाक के ग्राम अंधियारी निवासी लाखीराम चमोली व चापड़ा में भगवान सिंह रावत का टूटा है। उधर घनसाली में टैक्सी पार्किंग के ऊपर से भारी भूधंसाव हो गया।
बारिश से बढ़ी ठंड
बारिश के बाद तापमान में 2.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। नई टिहरी में बृहस्पतिवार को 103.10 एमएम बारिश रिकार्ड दर्ज की गई। बीते दिन नई टिहरी का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री था। बारिश के बाद बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 13.3 और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया है।
फलदार पेड़ों के लिए बारिश लाभदायक
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र रानीचौरी के तकनीकी अधिकारी प्रकाश नेगी का कहना है कि धान की रोपाई के लिए यह बारिश उपयोगी है। फलदार पेड़ सेब, नाशपात्ती, आडू, खुमानी के लिए भी बारिश लाभदायक है। बारिश से फलों की ग्रोथ तेजी से बढ़ेगी। बारिश के बाद पानी के स्रोत भी रिचार्ज होगे।