जीआईसी नौलबासर में शिक्षकों की कमी का छात्र भुगत रहे खमियाजा प्रधानाचार्य के साथ छह प्रवक्ताओं के पद रिक्त होने से पढ़ाई हो रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
घनसाली (टिहरी)।
राजकीय इंटर कॉलेज नौल बासर में प्रधानाचार्य सहित प्रवक्ताओं के छह पद रिक्त हैं जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी के चलते छात्रों की संख्या में भी गिरावट आ रही है।
भिलंगना के जीआईसी नौलबासर में रसायन विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, जीव विज्ञान प्रवक्ता, सहायक अंग्रेजी शिक्षक के साथ प्रधानाचार्य के पद भी लंबे समय से रिक्त है जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक संघ के अध्यक्ष मनोज नेगी ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों की ओर से शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर कई बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से पत्राचार किया गया, बावजूद शिक्षकों की तैनाती नहीं हो पाई है।
उन्हाेंने बताया कि विद्यालय में इस समय 265 छात्र पढ़ रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। शिक्षकों की कमी का असर बोर्ड परीक्षा परिणाम में भी देखा जा सकता है। बताया कि इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में 12वीं कक्षा में 19 छात्र फेल हो गए थे। मानकों के अनुसार विद्यालय में शिक्षक की नियुक्ति न होने से छात्र संख्या में भी धीरे-धीरे कमी आ रही है। शिक्षकों की कमी से अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य और परीक्षा परिणाम को लेकर परेशान है। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग पर विभागीय अधिकारियों की ओर से हर बार केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है।
विद्यालय में खाली शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के बारे में उच्चाधिकारियों को शीघ्र अवगत करवाया जाएगा। विद्यालय में जल्द अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति होने पर शिक्षकों की कमी पूरी हो जाएगी।
सुनील कार्की, खंड शिक्षा अधिकारी भिलंगना।