जिला अस्पताल बौराड़ी के प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र को औषधि निरीक्षक ने सील कर दिया। जन औषधि केंद्र से बीते दिन जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति ने निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की दवाइयां बरामद की थी। केंद्र संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक को केंद्र के स्टॅाक पंजिका में भी कई गड़बड़ी मिली है।
जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति के सदस्य व सिविल जज सीनियर डिविजन/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार, सदस्य/ जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने बुधवार को जिला चिकित्सालय बौराड़ी के जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र से एक्सपायरी डेट की कई दवाइयां बरामद की। केंद्र में बाहर की दवाइयां भी बेचने के लिए रखी मिली। अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए समिति के सदस्यों ने डीएम और सीएमओ को शिकायत दर्ज कराई। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे औषधि निरीक्षक चंद्रप्रकाश नेगी केंद्र पहुुंचे। एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिलने और स्टॉक पंजिका में कई खामियां मिलने पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील कर दिया है। औषधि निरीक्षक नेगी ने बताया केंद्र संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।