चंबा (टिहरी)। बीडीसी की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, बिजली सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। कई मामलों में शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई और अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय सहित प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने गांवों की स्वच्छता को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ स्वच्छता को भी प्राथमिकता देने का आह्वान किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुशील कुमार बहुगुणा ने रानीचौरी में नागणी पंपिंग पेयजल योजना और पंतनगर स्थित जर्जर पेयजल टैंक के जीर्णोद्धार की मांग की। प्रधान रानी नेगी ने मंज्यूड़ गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से कराने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि इससे कॉलेज रोड पर लगने वाले जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। प्रधान प्रवीण भट्ट ने कहा कि सुरसिंहधार-ज्ञानसू मोटर मार्ग पर जगह-जगह उगी झाड़ियों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। बैठक में डीडीओ मोहम्मद असलम, बीडीओ शाकिर हुसैन, जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान, पंकज कुमार और ईई केएन सेमवाल आदि मौजूद थे।