विजेता और उप विजेता टीमों को विधायक ने ट्रॉफी व नकद धनराशि देकर किया सम्मानित
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर के कफलोग में जय बूढ़ा केदार क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में रजाखेत किंग्स विजेता तथा ब्रदर ट्रैवल्स हिंडोलाखाल की टीम उप विजेता रही। विजेता और उप विजेता टीमों को विधायक विक्रम सिंह नेगी ने ट्रॉफी के साथ नकद धनराशि देकर सम्मानित किया।
धारमंडल पट्टी के कफलोग में जय बूढ़ा केदार क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रजाखेत किंग्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ब्रदर ट्रैवल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट खोकर 156 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रजाखेत किंग्स क्लब की टीम ने एक विकेट खोकर 13 ओवर और तीन गेंदों में लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज करवाई।
प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने आयोजक समिति की ओर से विजेता टीम को दो लाख तथा उप विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद धनराशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट में 44 गेंदों पर 101 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी दीप गुजर को मैन ऑफ द सीरिज के खिताब से नवाजा गया।
आयोजक समिति के मुख्य संयोजक सरजीत सिंह नेगी ने कहा कि समिति प्रयास करेगी कि आने वाले समय में खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर पहाड़ के युवाओं की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जा सके। इस मौके पर अध्यक्ष दिनेश नेगी, उपाध्यक्ष दयाल सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण नेगी, महासचिव आशाराम पेटवाल, मैनेजमेंट संयोजक मदन सिंह नेगी, सचिव मनोज खरोला मौजूद थे।