विवाह समारोह के मेंहदी कार्यक्रम में जहां नगर क्षेत्र के कई होटलों में काकटेल पार्टी चल रही थी, वहीं एक होटल में आईईएस (भारतीय इंजीनियरिंग सेवा) की मेहंदी रस्म में दूध और जलेबी परोसी जा रही थी। समारोह में पहुंची महिलाओं ने उनके इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य लोगों को भी उनसे प्रेरणा लेकर शराबबंदी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए।
मंगलवार को नगर क्षेत्र के अधिकतर होटलों में मेहंदी रस्म के मौके पर कॉकटेल पार्टी चल रही थी। यहां एक होटल में भी ठिलारी दिखोल गांव निवासी भारतीय दूर संचार नियामक प्राधिकरण दिल्ली में प्रथम अधिकारी कार्यरत आईईएस अमित रावत की मेहंदी समारोह भी चल रहा था, लेकिन वहां मेहंदी पार्टी में शराब की जगह मेहमानों को जलेबी और दूध परोसा जा रहा था। समारोह में पहुंचे कई लोगों के लिए यह एक नया अनुभव था। आईईएस ने मेहंदी रस्म में कॉकटेल पार्टी से किनारा कर मांगलिक कार्यों में बढ़ रहे शराब के प्रचलन को रोकने की दिशा में सराहनीय प्रयास किया है। अमित ने कहा कि कॉकटेल पार्टी का सबसे बुरा असर युवाओं पर पड़ रहा है। लोगों को इस तरह शराब परोसने से परहेज करना चाहिए। मेहंदी समारोह में पहुंची महिलाओं और अन्य लोगों ने कॉकटेल पार्टी नहीं कराने पर दूल्हा अमित और उनके पिता राजपाल सिंह रावत, मां सरला रावत, बहन ममता, सपना, चाचा विजय रावत, सत्यपाल सिंह और मामा टीटी राणा के प्रयासों की सराहना की है।