नई टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति ने बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट और राहुल बुटोला भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होेंने कहा कि मेडिकल का शासनादेश जारी होने तक अनशन जारी रहेगा। इस मामले में सरकार की ओर से जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को जिलेभर में व्यापक रूप देने की चेतावनी दी है।
बौराड़ी गणेश चौक पर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर पिछले 103 दिनों से आंदोलन चल रहा है। आंदोलनकारी मांग के समर्थन में प्रतिदिन क्रमिक अनशन और सत्याग्रह के माध्यम से अपनी मांग उठा रहे थे। शासनादेश जारी नहीं होने से नाराज समिति ने अब भूख हड़ताल शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर हुई बैठक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कमजोर पैरवी और शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास नहीं होने के कारण मेडिकल कॉलेज का मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा है। टिहरी जिला मेडिकल कॉलेज के मानकों को पूरा करता है। जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस चिकित्सालय बनाया जाना चाहिए।
समिति के प्रवक्ता महिपाल नेगी ने कहा कि लंबे समय से मेडिकल कॉलेज के लिए संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। आरोप लगाया कि सरकार टिहरी बांध प्रभावितों और विस्थापितों की लगातार अनदेखी कर रही है। यदि सरकार ने आंदोलन को तोड़ने या दबाने का प्रयास किया तो संघर्ष को और व्यापक किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर सभी जनप्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। अनशनकारी राहुल बुटोला ने कहा कि सरकार को जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए सरकार को मेडिकल कॉलेज निर्माण के संबंध में जल्द निर्णय लेना चाहिए। इस मौके पर संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, महामंत्री संदीप रावत, कुंवर सिंह सजवाण, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल, चंडी प्रसाद डबराल, कमल सिंह मेहर, देवेंद्र नौडियाल, विजय गुनसोला, कुलदीप पंवार, त्रिलोक चंद रमोला, नरोत्तम दत्त जखमोला, टीकम सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।