टिहरी जिले में 800 क्विंटल अदरक और 28 क्विंटल हल्दी के बीज की है डिमांड
नई टिहरी। उद्यान विभाग अदरक और हल्दी की पैदावार बढ़ाने के लिए नए प्रजाति के बीज आधी दरों पर किसानों को उपलब्ध कराएगा। जिले के किसानों की डिमांड के अनुसार इसके लिए विभाग से 800 क्विंटल अदरक और 28 क्विंटल हल्दी के बीज की डिमांड दी है। किसानों को अदरक और हल्दी के बीज सचल केंद्रों के माध्यम से मिलेंगे।
किसानों की आय बढ़ाने और अच्छी पैदावार के लिए उद्यान विभाग इस माह के अंत तक नई प्रजाति के अदरक और हल्दी के बीज 50 प्रतिशत कीमत पर किसानों को देगा। उद्यान विभाग ने मुख्यमंत्री एकीकृत बागवानी योजना के तहत हल्द्वानी से 800 क्विंटल अदरक के बीज मंगाए हैं। इसमें दो प्रजाति है। रिमोडी जेनेरु और हिमगिरी। रिमोडी जेनेरु 60 रुपये, हिमगिरी अदरक का बीज 72 रुपये व स्वर्ण हल्दी का बीज 17़़.20 रुपये प्रतिकिलो की दर से किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी आरएस वर्मा ने बताया कि अदरक और हल्दी के बीजों की डिमांड भेजी गई है। इस माह के अंत तक किसानों को अदरक और हल्दी के बीच उपलब्ध करा दिए जाएंगे। किसानों के लिए अदरक और हल्दी के बीज जिले में सचल केंद्रों पर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा काश्तकारों को नकदी फसल टमाटर, बंदगोभी, फूलगोभी, शिमला मिर्च, बेंगन, कद्दू, खीरा, लोकी आदि के बीजों को भी उपलब्ध करवाया जाएगा। काश्तकारों को बागवानी या नकदी फसलों के उत्पादन के दौरान फसल से संबंधित किसी प्रकार की दिक्कतें आती है, तो वह उद्यान सचल केंद्र या उद्यान विभाग से संपर्क कर सकते हैं।