एडीएम ने पावर ग्रिड को 15 दिन में समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइनों से घिरे फफराण गांव की समस्याओं का निराकरण करने के लिए पावर ग्रिड को 15 दिन का समय दिया गया है। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 400/800 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइनों से ग्रामीणों को कई खतरों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उन्हें के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में फफराण गांव के प्रधान मुकेश चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत मणगांव का फफराणगांव पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइनों से चारों ओर से घिरा है। इसके चलते ग्रामीण भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइन के कारण उनकी कृषि भूमि चौपट हो गई है वहीं उनके आवासीय भवन भी खतरे की जद में है जिससे ग्रामीण कई सालों के खतरों के साए में रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने ग्रामीणों की कृषि भूमि और आवासीय भवनों से संबंधित समस्याओं कर शीघ्र समाधान करने की गुहार लगाई है। एडीएम ने दाेनों पक्षों से वार्ता करने के बाद ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए पावर ग्रिड के सीनियर डीजीएम पंकज कुमार को निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रभावित कृषि भूमि और भवनों का आकलन तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में गजा तहसीलदार राजेंद्र गुनसोला, पावर ग्रिड के सीनियर डीजीएम पंकर कुमार, चीप मैनेजर दिनेश सिंह, राजस्व उप निरीक्षक प्रमिला पठोही और प्रभावित ग्रामीण मौजूद थे।