नई टिहरी। जिले के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक स्कूल और आठवीं की क्लास संचालित करने वाले हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में कक्षा दो, कक्षा पांच और आठवीं के छात्रों का दक्षता आधारित बेसलाइन आकलन किया गया। कक्षा दो में हिंदी और गणित, कक्षा पांच में हिंदी, गणित और पर्यावरण अध्ययन, कक्षा आठ में हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों का आकलन किया गया।
सीईओ कमला बडवाल ने बैठक में बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत छात्रों की शैक्षिक दक्षताओं का आकलन कर कम उपलब्धि वाली दक्षताओं को चिन्हित किया जा रहा है। इसके आधार पर डायट द्वारा प्रत्येक शनिवार को स्कूलाें में उपचारात्मक शिक्षण और दक्षता आधारित प्रश्नपत्रों के माध्यम से आकलन कराया जा रहा है।
बैठक में ऑनलाइन शामिल हुई सीईओ ने सभी बीईओ, उप शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटर्स, बीआरपी और सीआरपी को उपचारात्मक शिक्षण का अनुश्रवण करने, छात्रों को आवश्यक शैक्षिक सहयोग देने और आकलन परिणामों की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। प्राचार्य डायट सुमेर सिंह कैंतुरा ने बताया कि अगला दक्षता आधारित आकलन पांच अक्तूबर 2026 को होगा। बीआरपी- सीआरपी को इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला समन्वयक डॉ. वीर सिंह रावत ने बताया कि डायट द्वारा दक्षता आधारित प्रश्नपत्र विकसित और मुद्रित किए जा रहे हैं। प्रश्नपत्र स्कूलों तक पहुंचाने के लिए एक अक्तूबर को सभी बीआरपी और सीआरपी को संस्थान में बुलाया गया है। बैठक में डीईओ माध्यमिक वीपी सिंह, राज्य समन्वयक डॉ. अजय चौरसिया, राजेंद्र बडोनी, नरेश कुमाई, विनोद पेटवाल, डॉ. सुमन नेगी, डॉ. मनवीर नेगी और सीमा शर्मा आदि मौजूद थे।