15वें वित्त आयोग की धनराशि का समय पर नहीं हो पाया उपयोग
नई टिहरी। सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत आवंटित धनराशि का समय पर उपयोग नहीं करने पर थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी धर्मपाल सिंह कंडारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायतराज अधिकारी मो. मुस्तफा खान ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के निलंबन की पुष्टि की है।
जिला प्रशासन को थौलधार ब्लॉक क्षेत्र में समय पर जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनने, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत आवंटित धनराशि का समय पर खर्च नहीं होने और प्रत्येक माह ग्राम पंचायतों में होने वाली बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के अनुपस्थित रहने की शिकायत मिली थी।
डीपीआरओ मो. मुस्तफा खान ने बताया कि मामले में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने, उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन न करने पर डीएम के निर्देश पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी धर्मपाल सिंह कंडारी को निलंबित कर दिया गया है।
थौलधार ब्लॉक क्षेत्र में पूर्व में जन प्रतिनिधियों की ओर से जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनने की शिकायत मिली थी। अब उसका निस्तारण कर लिया गया है। नए ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की तैनाती होने पर आईडी बदलने में कुछ विलंब हुआ था जिस कारण जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने में दिक्कतें आई थी। अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है।