ग्रामीणों को अपनों से बात करने के लिए जाना पड़ रहा है ढाई किमी दूर
नई टिहरी। संचार क्रांति के युग में 5-जी का सिग्नल भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली नहीं पहुंच पाया है। बूढ़ाकेदार से 15 किमी दूर गांव के लोगों को संचार सुविधा के लिए अपने घर छोड़कर ढाई से तीन किमी दूर जाना पड़ रहा है। ग्रामीण पिछले 10 सालों से गांव को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं लेकिन टावर स्थापित करने के लिए जमीन आवंटन होने के बाद भी गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं मिल पाई है।
भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली और जखाणा अभी तक मोबाइल नेटवर्क से नहीं जुड़ पाया है। करीब 12 सौ की आबादी वाले गांव के लोगों को किसी से बात करने के लिए घर से दूर जाने की मजबूरी बनी है। गेंवाली के बचन सिंह रावत ने बताया कि गेंवाली और जखाणा के पास पिछले दस सालों से मोबाइल टावर लगाने की मांग करते आ रहे हैं।
शासन-प्रशासन से लगातार पत्राचार करने के बाद भी अभी तक गांव में मोबाइल टावर नहीं लग पाया है जिससे रोजगार के लिए गांव से बाहर रहने वाले अपनों से बात नहीं कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि गांव में जब किसी को अपनों से बात करनी है तो उन्हें नेटवर्क के लिए गांव से ढाई-तीन किमी दूर जाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि लगातार प्रयास करने के बाद 2024 में जिला प्रशासन ने गांव में बीएसएनएल को टावर स्थापित करने के लिए जमीन भी आवंटित कर दी गई है। बावजूद अभी तक टावर नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि गांव में टावर लगाने सहित अन्य कई मांगों का निराकरण जल्द नहीं किया जाता है तो 11 अक्तूबर से गांव में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
गेंवाली में मोबाइल टावर प्रस्तावित है। सरकार के टेलीकॉम विभाग से औपचारिकता पूरी होने के बाद संस्तुति मिलते ही टावर लगाने शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि तीन-चार माह में स्वीकृति मिल जाएगी।
- अनीत कुमार, एजीएम बीएसएनएल नई टिहरी।