केएम करिअप्पा फुटबाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आज
नई टिहरी। टिहरी झील महोत्सव के तहत बौराड़ी स्टेडिएम में संचालित जनरल केएम करिअप्पा फुटबाल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में 14,7 गढ़वाल, आईआईएमटी मेरठ, और गढ़वाल हीरोज की टीम ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल मुकाबले में पहुंच गई। विजेता टीमों के बीच सोमवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
बौराड़ी स्टेडियम में जनरल केएम करिअप्पा फुटबाल टूर्नामेंट के तीसरे दिन चार टीमों के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में 14 गढ़वाल ने कोटद्वार एफसी को 2-0 से हराया। दूसरे मैच में आईआईएमटी मेरठ ने हरियाणा एफसी को 3-2 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में 7 गढ़वाल राइफल्स ने 13 गढ़वाल राइफल्स की टीम को 1-0 से हराया।
टूर्नामेंट के चौथा और अंतिम मुकाबले में गढ़वाल हीरोज की टीम ने 16 गढ़वाल राइफल्स को 1-0 से पराजित किया। टूर्नामेंट से जुड़े दर्शन गुसाईं ने बताया विजेता टीम को 1़ 50 लाख तथा उप विजेता टीम 75 हजार की धनराशि के चेक और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। जिला फुटबाल संघ टिहरी के सचिव देवेंद्र राणा ने बताया कि जिले के उभरते खिलाड़ी शशांक राणा और अतुल राणा को फुटबाल संघ की ओर से 10-10 हजार रुपये के चेक भेंट किए गए।
दोनों खिलाड़ियों ने कई बार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर फुटबाल टीम का प्रतिनिधित्व किया। असम में संपन्न एआईएफएफ सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने उत्तराखंड टीम के कोच का प्रतिनिधित्व किया। 2024 में केरल ब्लास्टर्स जीवी राजा अकादमी में कार्य करते हुए टीम को सुब्रतो कप चैंपियन दिलाई।
इस मौके पर भवानी दत्त बिजल्वाण, कमल सिंह महर, रविंद्र राणा, प्रो़ पीडी सेमल्टी, डॉ़ यूएस नेगी, डॉ़ केसी पेटवाल, गोतम बिष्ट, गिरीश उनियाल, डॉं राकेश भूषण गोदियाल आदि मौजूद थे।