चमोली जिले की ऋषिगंगा में मची तबाही में लापता टिहरी जिले के सात युवकों का चौथे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे लापता युवकों के परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर जाकर लापता युवकों के जल्द घर लौटने की उम्मीद जगा रहे हैं।
रविवार सुबह तपोवन में ग्लेशियर टूटने से मची तबाही में वहां जल विद्युत परियोजना में काम कर रहे चाका-किराड़ा के दीपेश कुमार, कांडीखाल के शुभम घिल्डियाल, नरेंद्रनगर गुलर के आलम सिंह, नरेंद्रनगर जखोली के त्रेपन सिंह, अनिल सिंह, घनसाली बहेड़ा के विनोद सिंह और प्रतापनगर के रौलाकोट के जितेंद्र धनाई पुत्र मातवर सिंह लापता चल रहे हैं। चार दिन बाद भी उनकी कोई सूचना नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि टिहरी के सात युवकों की अभी कोई सूचना नहीं मिली है। संवाद