ऊर्जा निगम ने विद्युत चोरी रोकने के लिए सकलाना पट्टी के ग्राम मंजगांव और हवेली क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। जबकि तीन उपभोक्ताओं के बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर उनके कनेक्शन काटे गए हैं। एसडीओ अमित तोमर ने बताया कि बृहस्पतिवार को मंजगांव और हवेली क्षेत्र में भी चेकिंग अभियान के दौरान चार लोग विद्युत चोरी करते हुए पकड़े गए। उनके खिलाफ चंबा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से बिलों का भुगतान नहीं करने पर तीन कनेक्शन काटे गए हैं। कहा कि विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान जारी रखा जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से विद्युत बिलों का भुगतान समय पर करने की अपील की है। इस मौके पर जेई सूरत सिंह और लाइनमैन अरविंद आदि मौजूद थे। संवाद