खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने पीपलडाली, जागधार, पिलखी, घनसाली और चमियाला बाजार में किराना की दुकान, मिष्ठान भंडार, फल और सब्जी की दुकानों सहित डेयरी का निरीक्षण किया और बिना लाइसेंस और दुकानों में गंदगी मिलने पर पांच दुकानदारों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा। टीम ने मिठाई के चार और तेल के दो नमूने जांच के लिए भेजे। जिला अभिहित अधिकारी एमएन जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने टीम के साथ जिले के कस्बाई बाजारों में जाकर दुकानदारों को कोविड -19 नियमों का पालन करने, सफाई रखने और रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। टीम ने मिठाई की दुकानों में रेट लिस्ट चस्पा करने, मिठाई के उपयोग की तिथि अंकित करने के निर्देश दिए।