पीपीपी मोड पर संचालित जिला अस्पताल बौराड़ी का शुक्रवार को डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ऑपरेशन थिएटर, टेली मेडिसिन, इमरजेंसी सेवा, ओपीडी, सीटी स्कैन सहित निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का डीएम ने निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जन सुविधाओं का विस्तार करने और पांच आईसीयू बेड शिशुओं के लिए करने को कहा। सीएमएस से शनिवार सांय तक अस्पताल में पीपीपी मोड से पहले और उसके बाद के सभी रेफर केसों की लिस्ट और प्रसव संबंधी रिकार्ड उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने सीएमएस को स्वयं केसों की मॉनिटरिंग करते रहने को कहा। आईसीयू के निरीक्षण के दौरान डीएम ने पीपीपी संचालकों को निर्देश दिए कि न्यूनतम दो बेड बच्चों के लिए आरक्षित रखें। साथ ही बर्न केस में प्राथमिक उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जाए। कोरोना की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए डीएम ने नवजात शिशु कक्ष का पार्टीशन करते हुए पांच आईसीयू बेड तैयार करने को कहा। शल्य चिकित्सा कक्ष में लेप्रोस्कोपी की व्यवस्था व उपकरण क्रय की प्रक्रिया शुरू करने के लिए शनिवार (आज) को अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का निरीक्षण करते हुए प्लांट को समय से तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम शिवचरण द्विवेदी और सीएमएस डा. अमित राय भी उपस्थित रहे।