छोटे बाजारों में सिलिंडर फॉम बाइक से की जाएगी गश्त
नई टिहरी। दीपावली पर पटाखों से किसी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए अग्निशमन विभाग भी तैयारी में जुट गया है। विभाग ने बाजार का निरीक्षण कर पटाखों की दुकानें लगाने के लिए कुछ स्थान चिह्नित किए हैं। व्यापारियों को उन्हीं स्थानों पर लाइसेंस लेकर दुकान लगाने को कहा गया है। अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी 10 हाइडेंट और पांच वाटर टेंडर सक्रिय किए गए हैं। छोटे बाजारों में बैक पैक सेट मोटर साइकिल से गश्त की जाएगी।
दिवाली का त्योहार 20 और 21 अक्तूबर को मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। त्योहार पर बाजार में पटाखों की दुकानें लगने से आगजनी के खतराें से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने भी सभी तैयारियां पूरी कर दी है। नई टिहरी, चंबा, घनसाली और चमियाला में एक-एक वाटर टेंडर तैनात किए जाएंगे।
अन्य क्षेत्र में सिलिंडर फॉम मोटर साइकिल से गश्त की जाएगी। विभागीय टीम ने बाजार का निरीक्षण करने के बाद पटाखों की दुकानें लगाने के लिए जगह चिह्नित की है। जिला मुख्यालय में बौराड़ी गणेश चौक, ओपन मार्केट, हनुमान चौक, चंबा में गबर सिंह चौक, मसूरी रोड और घनसाली-चमियाला में भी स्थान चिह्नित किए गए हैं। बगैर लाइसेंस पटाखाें की दुकान लगाने पर सामान जब्त कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पटाखों की दुकान के लिए लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पटाखा व्यापारी इन शर्तों का पालन करें
- पटाखा विक्रय स्थल पर पानी और रेत से भरी बाल्टी रखें।
- धूम्रपान निशेध का स्पष्ट पठनीय बोर्ड लगाएं।
- भीड़ से अलग दुकानों के बीच पर्याप्त खाली स्थान रखें।
- एक लाइसेंस से एक ही स्थान पर पटाखे विक्रय किए जा सकेंगे।
- पटाखों की बिक्री बच्चों और अक्षम व्यक्तियों से नहीं कराई जाएगी।
- आपातकाल में 112 और अग्नि शमन विभाग के नंबर 01376-233611 पर कॉल करें।
दीपावली के त्योहार को लेकर अग्निशमन विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। विभाग के पास पर्याप्त संसाधन हैं। जिला मुख्यालय में दो, चंबा,घनसाली और चमियाला में एक-एक वाटर टेंडर तैनात किया जाएगा। पटाखा की दुकानें चिह्नित जगहों पर ही लगाई जाएंगी।
- संजीवा कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नई टिहरी।