लॉकडाउन के दौरान गांव के सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जा करने और राजस्व उपनिरीक्षक के साथ अभद्रता कर उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पिता और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि 26 मई को प्रतापनगर ब्लॉक के राजस्व उप निरीक्षक मुखेम प्रदीप कुमार पांडेय ने थाने में तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने बताया कि 24 मई को उपली रमोली पट्टी के सदड़ गांव निवासी दिवाकर चमोली और उसके दो बेटे लक्ष्मी प्रसाद और शिवम चमोली गांव के सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और कब्जा हटाने को कहा। इस पर तीनों ने उनके साथ गाली- गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्रता की। राजस्व उप निरीक्षक की तहरीर पर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच पड़ताल कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।