श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान का आदेश पलट दिया है। परीक्षा नियंत्रक ने अपने ही आदेश से खुद को विवि से संबद्ध दो निजी बीएड कॉलेजों की प्रायोगिक और मौखिक परीक्षा के लिए परीक्षक नियुक्त कर दिया था। कुलपति ने माना कि परीक्षक नियुक्त करने के मामले में परीक्षा नियंत्रक ने प्रक्रिया सही नहीं अपनाई। दोनों बीएड कॉलेजों के लिए अब नए सिरे से परीक्षक तैनात किए जाएंगे। कुलपति ने मामले में परीक्षा नियंत्रक का जवाब तलब किया है।
श्रीदेव सुमन विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान ने अपने ही आदेशों से खुद को हरिद्वार जिले के दो निजी बीएड कॉलेजों का परीक्षक नियुक्त करने का आदेश जारी किया था। 19 अक्तूबर को आदेश जारी करने के बाद परीक्षा नियंत्रक छुट्टी पर चले गए थे। सोशल मीडिया पर परीक्षा नियंत्रक का यह आदेश वायरल होते ही लोगों ने विवि की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए थे। 23 अक्तूबर के अंक में अमर उजाला ने परीक्षा नियंत्रक ने खुद को नियुक्त किया परीक्षक खबर प्रकाशित की।
विवि के कुलपति डा. ध्यानी ने बताया कि अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर उनके संज्ञान में यह मामला आया। तुरंत एक्शन लिया गया। छुट्टी पर चल रहे परीक्षा नियंत्रक को तुरंत ही व्हाट्सएप पर आदेश निरस्त करने की सूचना भेज दी गई। दोनों बीएड कॉलेजो में मौखिक परीक्षा लेने के लिए नए सिरे से परीक्षक नियुक्त किए जा रहे हैं।