सड़क निर्माण का कार्य कर रही एडीबी (लोनिवि) की कार्य गुणवत्ता को लेकर कई शिकायतों के बाद भी निर्माणदायी संस्था निर्माण कार्यों में सुधार नहीं कर रही है। स्थानीय लोगों में संस्था के प्रति खासा रोष बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने घनसाली-अखोड़ी मार्ग पर किए जा रहे घटिया नाली निर्माण की जांच की मांग की है।
अखोड़ी के प्रधान ने डीएम और जिला पंचायत अध्यक्ष को दिए ज्ञापन में बताया कि एडीबी इन दिनों 19.70 करोड़ घनसाली-अखोड़ी 60 किमी सड़क का सुधारीकरण कार्य कर रहा है। इसमें नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण किया जाना था, लेकिन नाली निर्माण में गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मानकों के अनुरूप सड़क का चौड़ीकरण कार्य भी नहीं किया जा रहा है। अगस्त माह में शिकायत करने पर विभागीय अधिकारियों ने भी स्थलीय निरीक्षण कर नाली निर्माण में गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए थे। बावजूद गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है।
इससे कार्यदायी संस्था सरकारी धन को ठिकाने लगा रही है। उन्होंने डीएम से कार्य गुणवत्ता की जांच करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान सरोप सिंह मेहरा, दिनेश नेगी, मनमोहन मेहरा, करण सिंह घणाता और राजेंद्र सिंह राणा आदि शामिल थे।