बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम और 12वीं पास युवतियां कर सकती है आवेदन
नई टिहरी। बेरोजगार युवाओं के लिए जर्मनी और जापान में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। यह अवसर मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत दिए जा रहे हैं। इसमें बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम और इंटर पास युवतियों को विदेश में रोजगार मिलेगा।
नर्सिंग और केयर गिवर के क्षेत्र में जर्मनी और जापान में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। वैश्विक रोजगार योजना के तहत सरकार के पास विदेशों से सक्षम वर्करों की मांग आई है। यह योजना वर्ष 2023 में शुरू की गई थी। अभी तक टिहरी जिले से करीब 143 युवाओं ने इसमें अपना पंजीकरण कराया है। जर्मनी और जापानी भाषा का प्रशिक्षण लेने के बाद 62 युवतियां जापान और जर्मनी में केयर गिवर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। इसके अतिरिक्त, 30 लोग सऊदी अरब में वेयर हाउस में नौकरी कर रहे हैं। इच्छुक युवक और युवतियां जिला सेवा योजन कार्यालय में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रदेश सरकार उन्हें निशुल्क भाषा प्रशिक्षण और रहने-खाने की सुविधा देगी।
जर्मनी में रोजगार के अवसर
जर्मनी में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम प्रशिक्षित महिला और पुरुष वर्करों की आवश्यकता है। इनकी आयु 21 से 35 साल के बीच होनी चाहिए। इन पदों के लिए प्रतिमाह ढाई से तीन लाख रुपये का वेतन पैकेज बताया गया है। यह अवसर उन लोगों के लिए है जो नर्सिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं।
जापान में अवसर और प्रशिक्षण
जापान में केयर गिवर पद के लिए 18 से 28 साल की महिलाओं की जरूरत है। इसके लिए शैक्षिक योग्यता 12वीं पास या एएनएम रखी गई है। इन पदों पर एक लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। पंजीकरण कराने के बाद प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें छह-सात माह का निशुल्क संबंधित देश की भाषा पढ़ाई जाएगी। इस दौरान रहने-खाने की व्यवस्था भी निशुल्क प्रदान की जाएगी जिसके बाद प्लेसमेंट दी जाएगी।
प्रदेश सरकार की वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को विदेश में नौकरी का अवसर मिल रहा है। अभी जर्मनी और जापान से डिमांड है। इच्छुक युवाओं को सहसपुर में छह-सात माह का निशुल्क भाषा प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले में 20-25 युवा पंजीकरण कराते हैं तो उन्हें यहां जिला मुख्यालय में ही भाषा पढ़ाई जा सकती है।
- लक्ष्मी यादव, जिला सेवा योजन अधिकारी नई टिहरी।