कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में उपस्थित न होने पर डीएम ने एआरटीओ का वेतन रोकने, लगातार विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिला क्रीड़ा अधिकारी और सहायक निबंधक सहकारिता का स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिला क्रीड़ा अधिकारी और सहायक निबंधक सहकारिता की प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित की जाएगी। लोनिवि, पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को 15 दिन के भीतर सभी सड़क से अवैध अतिक्रमण हटाने को कहा। ऐसा नहीं होने पर जिला प्रशासन विभागीय अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा।
डीएम डा. वी षणमुगम की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में कुल 19 शिकायतें दर्ज हुई। चंबा के ग्राम पंचायत क्यारी के भोलादत्त बिजल्वाण ने क्यारी में राजीव गांधी मिलन केंद्र के अधूरे निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की। डीएम ने डीपीआरओ से मिलन केंद्र के सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा। क्यारी-नकोट-धर्मघाट खस्ताहाल सड़क पर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने को कहा। ग्राम मंज्यूड की आरती नेगी गौरा देवी कन्या धन योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की। डीएम ने समाज कल्याण विभाग को नियमानुसार शीघ्र योजना की धनराशि सभी पात्रों को निर्गत करने को कहा। बैठक में एडीएम शिवचरण द्विवेदी, डीएफओ डा. कोको रोसे, डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी, डीएचओ डा. डीके तिवारी, ईई लोनिवि केएस नेगी, ईई जल संस्थान सतीश चंद्र नौटियाल उपस्थित रहे।