नियुक्ति के बाद सीटी स्कैन के संचालन की उम्मीद जगी
नई टिहरी। जिला अस्पताल बौराड़ी को एक और एक्सरे टेक्नीशियन मिलने की उम्मीद है। नए एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती के बाद जहां मरीजों को राहत मिलेगी। वहीं सीटी स्कैन मशीन के संचालन की उम्मीद भी जगी है।
जिला अस्पताल बौराड़ी में लंबे समय एक मात्र एक्स-रे टेक्नीशियन होने से होने से मरीजों के साथ एक्स-रे टेक्नीशियन को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं एक टेक्नीशियन होने से सीटी स्कैन मशीन का संचालन भी नहीं हो पाता है। टेक्नीशियन के छुट्टी या आपातकालीन परिस्थितियों में इधर-उधर जाने पर मरीजों को कई बार एक्स-रे के लिए नरेंद्रनगर और ऋषिकेश का रुख करना पड़ता था।
नए एक्सरे टेक्नीशियन की नियुक्ति होने से मरीजों के साथ पुराने टेक्नीशियन को भी राहत मिलेगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ़ बृजेश डोभाल ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन 80 से 120 एक्स-रे किए जाते हैं। ऐसे में दो एक्सरे टेक्नीशियन की बहुत आवश्यकता है। बताया एक्सरे टेक्नीशियन के अभाव में गत दो वर्षों से सीटी स्कैन का संचालन भी बंद पड़ा है। सीटी स्कैन के लिए मरीजों को अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है।
जिला अस्पताल में सहित अन्य तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एनएचएम के माध्यम से एक्सरे टेक्नीशियन की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अगले कुछ दिनों में एक्सरे टेक्नीशियनों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जिसके बाद जिला अस्पताल को दो एक्सरे टेक्नीशियन मिल जाएंगे। - डॉ़ राम प्रकाश, सीएमओ टिहरी।