थत्यूड़ (टिहरी)। बाल विकास परियोजना थत्यूड़ की ओर से पोषण माह कार्यक्रम के तहत कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली व एनीमिया से ग्रस्त किशोरियों को पौष्टिक लड्डू एवं आंवला कैंडी बांटी गई। इस दौरान आयोजित पोषण चित्रकला प्रतियोगिता में दीक्षा, शिवानी, प्रियांशी व पोषण भाषण में निधि भट्ट, आरुषि, सृष्टि मल्ल क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रही।
ब्लॉक सभागार में आयोजित पोषण माह कार्यक्रम का ब्लॉक प्रमुख सीता रावत, बीडीओ अर्जुन सिंह रावत ने शुभारंभ किया। ब्लॉक प्रमुख रावत ने कहा कि गांव स्तर पर भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए। कुपोषण से बचने के लिए स्थानीय उत्पादकों को अपने भोजन में जरूर शामिल करें। जिला पंचायत सदस्य सनवीर बेलवाल ने कहा कि कुपोषण से बचने के लिए सभी लोगों को फास्ट फूड छोड़कर घर पर बने भोजन को उपयोग में लाना चाहिए।
कार्यक्रम में 6 महिलाओं की गोद भराई, 6 माह के नौनिहालों का अन्नप्राश्न करवाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय उत्पाद झंगोरा, मंडुवा की रोटी, पिसा हुआ नमक, मिलेटस की प्रदर्शनी भी लगाई गई। 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट बांटी गई। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली सोनी जुयाल और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रामवती देवी, बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ़ रोशनी सती, डॉ़ अमानत चौहान, प्रीतिका त्यागी, अनीता देवी, विनीता देवी उर्मिला देवी, संगीता, नीलम,दीपिका, शर्मिला देवी, सरिता देवी, रेखा, सरिता, मधु देवी, कमला देवी, आलोक कुमार आदि मौजूद रही।