चीन में अब तक 35 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके होटल व्यवसायी देव रतूड़ी भिलंगना की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने के बाद दिल्ली लौट गए हैं। धार्मिक यात्रा पर स्वदेश पहुंचे देव गांव में चार-पांच दिन की छुट्टियां बिताने के बाद देहरादून चले गए थे। दो-तीन दिन वहां रुकने के बाद वह इन दिनों दिल्ली में हैं।
भिलंगना के केमरियासौड़ के देव रतूड़ी पिछले 18 साल से चाइना में रह रहे हैं। 1998 में 20 साल की उम्र में वे दिल्ली नौकरी करने चले गए थे। वहां कुछ समय तक एक बिल्डर के पास नौकरी करने के बाद मन में अभिनेता बनने की चाहत में मुुंबई चले गए। वहां होटल में नौकरी करने के साथ ही कई प्रयासों के बाद सीरियल में काम किया। देव बताते हैं कि 2005 में होटल के माध्यम से चीन जाने का मौका मिला। वहां वेटर का काम करने के बाद मैनेजर के पद पर भी काम किया। मुंबई सिरीयल में काम करने के अनुभव के चलते वहां भी फिल्मों में जगह बनाई। वे अब तक करीब 35 फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनके जीवन की संघर्षमय कहानी को चीनी स्कूल के पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है।
चाइना में द्वारिका प्रसाद रतूड़ी से देव रतूड़ी बने फिल्म अभिनेता का होटल इंडस्ट्री में भी बड़ा नाम है। कड़ी मेहनत के बूते वह आज आठ रेस्तरां के मालिक हैं। उन्होंने राज्य के करीब 50 से अधिक युवाओं को वहां रोजगार दिया है। उनके पिता जगदीश प्रसाद गांव में ही रहते हैं जबकि उनके भाई विदेश में नौकरी कर रहे हैं।