प्रतापनगर के कंडियाल गांव की जिला पंचायत सदस्य रेखा असवाल ने लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई को ज्ञापन भेजकर खंबाखाल-सिलोड़ा मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त हुए संपर्क मार्गों, नहरों व अन्य परिसंपत्तियों का मुआवजा भुगतान और मरम्मत करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि तीन वर्ष पहले मोटर मार्ग निर्माण से खंबाखाल गांव के नागराजा मंदिर की दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके अलावा डांगी, घोड़पुर और मुखमाल गांव के संपर्क मार्ग, ग्रामीणों की सिंचित और असिंचित भूमि क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन लोनिवि ने अभी तक क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत और मुआवजा भुगतान नहीं किया है। उन्होंने लोनिवि से मार्ग को तत्काल निर्माण कार्य पूरा करने और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का मुआवजा भुगतान करने की मांग की है। जल्द कार्रवाई न होने पर उन्होंने लोनिवि कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। संवाद