नई टिहरी। राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की आगामी भर्ती को लेकर डीएलएड प्रशिक्षितों ने चयन प्रक्रिया में बदलाव करने की मांग उठाई है। प्रशिक्षित युवाओं का कहना है कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, डीएलएड प्रशिक्षण और टीईटी के अंकों का महायोग तैयार कर शैक्षणिक मेरिट के आधार पर नियुक्तियां की जानी चाहिए। इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने की आशंका भी कम होगी।
घनसाली में हुई बैठक में प्रशिक्षित युवाओं ने कहा कि केवल डीएलएड और टीईटी के गुणांक के आधार पर शिक्षकों का चयन करना उचित नहीं है। इससे अभ्यर्थियों की संपूर्ण शैक्षणिक योग्यता का आकलन नहीं हो पाता। सरकार को भर्ती नियमावली में संशोधन कर हाईस्कूल से लेकर प्रशिक्षण और टीईटी तक के अंकों को चयन का आधार बनाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस साल जनवरी में हुई शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़े के मामले सामने आए थे। कई अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर फर्जी डीएलएड और टीईटी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल कर ली, जिससे योग्य अभ्यर्थी चयन से वंचित रह गए थे।
उन्होंने सरकार से मांग की कि आगामी प्राथमिक शिक्षक भर्ती में चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए। इसके लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, डीएलएड और टीईटी के अंकों को शामिल कर एकेडमिक मेरिट तैयार की जाए। बैठक में उदय पाल नेगी, गंगा, बिष्णु, अंकित, दीपक चौहान, ललित, नीलम, अंजलि, संजय आदि मौजूद रहे।