जाखणीधार के जनप्रतिनिधियों ने डीएम को बताई समस्याएं
गांबिया पश्चिमी अफ्रीका में फंसे जिले के युवाओं को स्वदेश लाने की मांग
नई टिहरी। जाखणीधार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने डीएम मयूर दीक्षित से मुलाकात कर टिपरी चौराहे में स्थानीय लोगों के लिए दुकान, खोखा, शौचालय निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने और गांबिया पश्चिमी अफ्रीका में फंसे दो युवकों को स्वदेश लाने की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने नेतृत्व में पूर्व प्रमुख जगदंबा रतूड़ी, अनीता कंडियाल, जिला पंचायत सदस्य विनोद बिष्ट और भाजपा जिला महामंत्री उदय रावत ने डीएम से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं बताई। बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर टिपरी चौराहे में स्थित खोखे, दुकानों भी हटाई जा रही है जिससे दुकानदारों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि ग्राम मोल्टा के विजय लाल और मांजफ का जसपाल लाल 2021 में गांबिया पश्चिमी अफ्रीका के एक होटल में नौकरी करने गए थे लेकिन छह माह से होटल मालिक उन्हें वेतन नहीं दे रहा है। साथ ही उनके पासपोर्ट भी अपने पास रखकर होटल में भी नहीं आ रहा है। युवकों को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। दोनों युवक स्वदेश आना चाहते हैं लेकिन न तो उन्हें पासपोर्ट मिल रहा है और न ही उनके पास पैसे हैं। उन्होंने डीएम से शासन के माध्यम से भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से युवकों को स्वदेश लाने की भी मांग की।