भिलंगना ब्लाक में मरवाड़ी गांव के पास 25 नवंबर को जंगल में पेड़ से जो शव लटका मिला था उसकी शिनाख्त जिला बागपत निवासी रवि तोमर (25) पुत्र सुभाष तोमर के रूप में हुई है। वह यूपी के मैनपुरी में पुलिस में कार्यरत था। शव यूपी पुलिस और मृतक के परिजनों को सौंपा गया है। पुलिस ने कहा कि सिपाही मरवाड़ी कैसे पहुंचा इसकी जांच की जाएगी।
बूढ़ाकेदार क्षेत्र में ग्राम मरवाड़ी के पास सड़क से करीब 300 मीटर ऊपर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका एक शव मिला था। घनसाली के एसडीएम केएन गोस्वामी ने बताया कि रविवार को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के ग्राम लोहदा पोस्ट बरौत से मृतक के परिजन और पुलिस ने शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि रवि तोमर यूपी पुलिस में बतौर सिपाही मैनपुरी के घिरोत थाने में तैनात था। वह 22 नवंबर को लापता हो गया था। यूपी पुलिस ने बताया कि सिपाही टिहरी जिले के मरवाड़ी कैसे पहुंचा इसकी जांच की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि शव यूपी पुलिस और मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है।