चंबा (टिहरी)। शनिवार की शाम ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर दिखोल गांव के समीप स्कूटी को टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शनिवार देर शाम चंबा से ऋषिकेश की ओर जा रहे बेकाबू ट्रक ने दिखोल गांव में स्कूटी को टक्कर मार दी थी। हादसे में स्कूटी चालक प्रदीप रौतेला निवासी पुरानी टिहरी रोड की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसका साथी कुंदन सिंह रावत गंभीर रूप से घायल हो गया था। ट्रक को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक सूरज गिरि पुत्र गोपाल निवासी हरिद्वार को आमसेरा से गिरफ्तार कर लिया। एसओ देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो