नई टिहरी (ब्यूरो)। पीपलडाली चौकी पुलिस ने एसडीएम चतर सिंह चौहान की तहरीर पर विस्फोटक पदार्थ रखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि वाहनों की चेकिंग के दौरान दो वाहनों से 200 डायनामाइट (जिलेटिन) बरामद किए गए हैं। वाहन में सवार राम सिंह निवासी भेटी, सुरेंद्र चंद रमोला निवासी रमोलगांव और विजय सिंह निवासी खरोली से विस्फोटक के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन इस बाबत वह कोई साक्ष्य नहीं दे पाए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।