नरेंद्रनगर (टिहरी)। कुमारखेड़ा में पालीटेक्निक के छात्रों के दो गुटों में मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। छात्रों के दोनों गुटों ने रातभर जमकर हुड़दंग मचाया। लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। दोनों गुटों की ओर से मामले में प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दर्ज की गई है। प्रधानाचार्य ने दोनों गुटों के छात्रों का जवाब-तलब किया है। अभिभावकों को पालीटेक्निक में आने के लिए नोटिस जारी किया गया है। प्रधानाचार्य ने सीनियर छात्रों की ओर से जूनियर छात्रों की रैगिंग से इनकार किया है।
पालीटेक्निक के अधिकांश छात्र कुमारखेड़ा में किराए के कमरों में रहते हैं। बुधवार रात 11 बजे से कुमारखेड़ा में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। रात 12.15 बजे तक शोरगुल होने पर भवन स्वामियों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह दोनों गुटों को शांत कराया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से कुमारखेड़ा में रात्रि गश्त बढ़ाने और नशे के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है। पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य आलोक मिश्रा ने बताया कि बीती रात को छात्रों के बीच हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की ओर से लिखित में शिकायत दर्ज की गई है। छात्रों के अभिभावकों को संस्थान में बुलाया गया है। छात्र आपस में ही क्यों भिड़े इसकी जानकारी नहीं है। थानाध्यक्ष आरके सकलानी का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।