लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ। पंजाबी कॉलोनी मार्ग पर बृहस्पतिवार को कांशीराम आवास के पास ट्रक से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज के वार्ड नंबर 22 निवासी इदरीस (38) बृहस्पतिवार शाम पांच बजे पंजाबी कॉलोनी मार्ग पर अपने घर के सामने बैठे हुए थे। बाईपास मार्ग की ओर से एक ट्रक (यूपी 30ए/5967) नगर की ओर आ रहा था। जैसे ही ट्रक कांशीराम आवास के पास पहुंचा इदरीश भी सड़क के किनारे से उठकर अपने घर की ओर चल दिए और ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच मोहल्ले हुए हादसे से मोहल्ले और परिवार वालों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। मौका पाकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
उत्तेजित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कर शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें इदरीस की पत्नी की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उसके नौ वर्षीय पुत्र और छह वर्षीय पुत्री है। घर के सामने हुए हादसे में युवक की मौत पर उसके बच्चों और परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।