टिहरी जिले में ई-डिस्ट्रिक्ट की सेवाएं सुविधा कम मुसीबत अधिक बन गई है। जिले में पिछले तीन दिनों से सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की सेवाएं बाधित चल रही है, जिससे समय पर लोगों के स्थायी निवास, जाति, आय, चरित्र, उत्तरजीवी, पर्वतीय निवास प्रमाणपत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में जरूरी प्रमाणपत्र बनाने क लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।
जिले के न्याय पंचायत, ब्लॉक और जिला मुख्यालय में ई-डिस्ट्रिक्ट की सेवाएं संचालित की जा रही है, लेकिन टिहरी जिले में ई-डिस्ट्रिक्ट की सेवाएं परवान नहीं चढ़ पा रही है। स्थाई निवास, जाति, आय, चरित्र, उत्तरजीवी, पर्वतीय निवास प्रमाणपत्र, जन्म-मृत्यु, सेवायोजन पंजीकरण की सुविधा के लिए सीएससी सेंटरों की स्थापना की गई है, लेकिन बीते तीन दिनों से ई-डिस्ट्रिक्ट के तहत संचालित सेवाएं पूरी तरह से बाधित है। इन दिनों विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं, लेकिन पंजीकरण न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
सीएससी संचालक संगठन के जिलाध्यक्ष शक्ति प्रसाद जोशी, लाखी सिंह रावत, महिपाल सजवाण, राजेंद्र सिंह का कहना है कि सीएससी केंद्रों पर ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं से प्रमाणपत्र नहीं बन रहे हैं। उनके पास सैकड़ों आवेदन लंबित हैं। आवेदन के पेमेंट ऑप्शन के समय ही सॉफ्टवेयर की विंडो सस्पेंड हो रही है। इस बाबत ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र शर्मा का कहना है कि यह समस्या सीएससी केंद्रों की है। सभी तहसील के जनाधार केंद्रों पर सेवाएं पूरी तरह से संचालित हो रही हैं, जिन अभ्यर्थियों को जरूरी प्रमाणपत्र बनाने है वह तहसील के जनाधार केंद्रों पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।