नैनबाग क्षेत्र से कलेक्ट्रेट पहुंचे काश्तकारों ने डीएम को बताई अपनी पीड़ा
नई टिहरी। जौनपुर ब्लॉक में श्रीकोट क्षेत्र के काश्तकारों ने खासकोटी के क्यारकोटी नामे तोक से सड़क तक ग्रेविटी रोप-वे बनाने की मांग की है। क्षेत्र के लोगों ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि वहां दर्जनभर से अधिक गांव के लोग नकदी फसल उगाते हैं लेकिन ढुलान के लिए रास्ता ठीक नहीं होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या बताते हुए जल्द रोपवे बनाने की मांग की है।
नैनबाग तहसील क्षेत्र के ग्राम खासकोटी क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक गांव के लोग बड़ी मात्रा में नकदी फसल का उत्पादन करते हैं लेकिन क्षेत्र में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण काश्तकारों को अपनी उपज सिर में ढोकर सड़क तक पहुंचाने के बाद बाजार भेजनी पड़ रही है। नैनबाग क्षेत्र से जिला मुख्यालय में डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीणाें ने बताया कि क्यारकोटी क्षेत्र में 14-15 गांव के दर्जनों काश्तकार सेब, आलू, मटर और गोभी का उत्पादन कर बाजार में बेचते हैं लेकिन उस क्षेत्र में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें करीब दो-तीन किमी नीचे सड़क तक अपनी उपज पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि अब फल-सब्जी ढोने के लिए खच्चर भी नहीं मिल रहे हैं जिससे सब्जी और सेब की पेटियां सड़क पहुंचाने के लिए ग्रेविटी रोपवे की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वहां करीब 700 मीटर रोपवे बनने से ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सकता है। डीएम नितिका खंडेलवाल ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में सुमन लाल रतूड़ी, आनंद सिंह, टीकाराम, बलवीर, लोकेंद्र, धीरजमणि, दयाल सिंह, सूरत सिंह, दिनेश राणा और गजे सिंह आदि शामिल थे।