नगर पालिका नई टिहरी क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढुंगीधार में प्रदर्शन किया। ढुंगीधार क्षेत्र में सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों को कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर मिट्टी से भरी। कहा, सड़कों के गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने का यह अभियान अलग-अलग तिथियों में सभी 11 वार्डों में किया जाएगा। सड़कों की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत नहीं करने पर उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शनिवार को कांग्रेस ने नगर की खराब सड़कों की सेहत सुधारने की मांग को लेकर ढुंगीधार में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि नगर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता सभी वार्डों में बारी-बारी से अभियान चलाएगी। जहां-जहां गड्ढे बने हैं वहां मिट्टी भरी जाएगी।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस की सरकारों ने इन सड़कों का भली भांति जनहित में निर्माण किया था लेकिन डबल इंजन की सरकार इन सड़कों के गड्ढों को तक नहीं भर पा रही है। सड़कों के रख रखाव के लिए बजट तक नहीं दिया जा रहा है। इस मौके पर महिला प्रदेश महामंत्री दर्शनी रावत, रीनू पंवार, विनोद रावत, विमला रावत, रीना, प्रवीन, बलबीर कोहली, वीरेंद्र दत्त, श्याम लाल, बालम पंवार,गब्बर रावत,जयवीर थलवाल, परशुराम नौटियाल, रोशन,अनीस खान,सरताज अली, निहाल सिंह, मनीष पंत, बलवंत नेगी, दिलशाद, सुमेर चंद उपस्थित रहे।
सड़क के गढ्ढे भरने को खुद आगे आए ढुंगीधार के सतविंद्र
फोटो
नई टिहरी। नगर क्षेत्र की आंतरित गढ्ढा युक्त सड़कों की मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने के कोई प्रयास नहीं किए जाने पर ढुंगीधार निवासी एक स्थानीय युवक ने स्वयं आगे आते हुए खुद के संसाधन से क्षेत्र की सड़क को गढ्ढा मुक्त करने का अभियान शुरू किया है।
धारमंडल धारकोट के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सतविंद्र नेगी ने शनिवार को खुद ही ढुंगीधार से स्टेडियम की सड़क के गड्ढे भरने शुरू किए। उन्होंने बताया कि शनिवार को करीब आधा किमी सड़क पर गड्ढे भरे गए। आज रविवार को स्टेडियम तक पूरी डेढ़ किमी सड़क के गड्ढे भरे जाएंगे। अधिशासी अधिकारी हयात सिंह रौतेला ने कहा कि नगर क्षेत्र की सड़कों का डामरीकरण और नालियों की मरम्मत के लिए शासन को 12.50 करोड़ रुपये का इस्टीमेट भेजा गया है। बावजूद फाइव-ए की तरफ से गड्ढे भरने का काम तीन दिन पहले से शुरू कर दिया था। संवाद