हाईटेक जमाने के साथ कदम मिलाते हुए अब एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं को ऑन लाइन किए जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए विवि की टीम ने परिसर की डॉक्यूमेंट्री बनाने काम शुरू कर दिया है।
स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल की पूरी जानकारी अब जल्द ही एक क्लिक कर घर बैठे सभी छात्रों को मिल सकेगी। विवि परिसर ने डॉक्यूमेंट्री बनाने का काम शुरू कर दिया है। सोमवार को विवि की टीम ने सबसे पहले परिसर के भवन को कैमरे में कैद किया। इसके बाद विभिन्न विषयों की लैब, लाइब्रेरी की सुविधाओं को शूट किया। इतना ही नहीं क्लास रूम में कैसे शिक्षक छात्र को पढ़ा रहा है और क्या-क्या सुविधा छात्र को दी जा रही है। सभी को डॉक्यूमेंट्री में शामिल किया जा रहा है। इसके बाद सभी जानकारियों को विवि की वेबसाइट में अपलोड किया जाएगा। इस सबके अलावा परिसर बनने के बाद कितना विकास कार्य किया गया है। इसे भी शामिल किया जा रहा है। परिसर के निदेशक प्रो. आरसी रमोला ने बताया कि टीम कैंपस की विभिन्न सुविधाओं और संसाधनों को कैमरे में ले रही है। इससे पूरे देश में परिसर की अलग पहचान हो सकेगी। साथ ही छात्रों को भी सहूलियत मिलेगी।