चंबा के चोपडियालगांव में समाधान शिविर में जानकारी देती डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव।
- फोटो : NEW TEHRI
चंबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत चौपड़ियाल में वर्चुअल चौपाल लगाकर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान चंबा-मसूरी फल पट्टी के काश्तकारों ने भूमिधरी का अधिकार देेेेने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाई। जबकि सुरकंडा पंपिंग योजना की धीमी गति से चल रहे निर्माण पर लोगों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा के लिए तारबाढ़ लगाने की मांग की। समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री रावत ने डीएम को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
सोमवार को मुख्यमंत्री त्वरित समाधान सेवा कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत चौपड़ियाल गांव में वर्चुअल चौपाल के जरिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ग्रामीणों की समस्याओं को जाना। चौपाल में दर्ज 30 में से 19 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। स्थानीय खुशीराम डबराल ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र के काश्तकार 60 वर्षों से चंबा-मसूरी फल पट्टी क्षेत्र में पट्टे की भूमि पर काश्तकारी करते आ रहे है, लेकिन उन्हें भूमिधरी का अधिकार नहीं मिल पा रहा है। बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सब्जी और फलों का उत्पादन किया जाता है, लेकिन मंडी और कोल्ड स्टोर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जंगली जानवर खेती को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा रहे है। जिस पर मुख्यमंत्री ने डीएफओ को बंदर बाड़ा बनाने के निर्देश दिए। वहीं खुशपाल रमोला ने चौपड़ियालगांव-सौड़ 15 किमी मोटर मार्ग का डामरीकरण करने की मांग उठाई। जिस पर रावत ने डीएम को सड़क का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। एलोपैथिक चिकित्सालय चौपड़ियाल गांव में डॉक्टर न होने की शिकायत पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि हरिद्वार महाकुंभ के उपरांत डॉक्टर की तैनाती कर दी जाएगी। संवाद के दौरान कुसुम रमोला ने एकीकृत आजीविका परियोजना सहयोग समूहों को आगे भी निरंतर जारी रखने की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास समूह के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का है। उन्होंने स्वैच्छिक चकबंदी के लिए काश्तकारों को अपने गांव स्तर पर स्वयं भी प्रयास करने की बात कही। शिवानी पुंडीर के श्रीकोटी में एएनएम सेंटर बनाने की मांग मुख्यमंत्री ने डीएम को गांव का सर्वे कर जरूरत के अनुसार एएनएम सेंटर खोलने को कहा। इस मौके पर सीडीओ अभिषेक रुहेला, डीएफओ कोको रोसे, परियोजना निदेशक डीआरडीए आनंद सिंह भाकुनी, डीडीओ सुनील कुमार, चंबा ब्लॉक प्रमुख शिवानी बिष्ट, सीईओ एसपी सेमवाल, ऊर्जा निगम के ईई राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।